महिला ने काट लिया हवाई जहाज में क्रू मेंबर को, Flight से उतार पुलिस ने दर्ज की FIR

Amir Haque

19 Jun 2024 (अपडेटेड: Jun 19 2024 5:55 PM)

फ्लाइट में हंगामा करने वाली एक महिला यात्री को एयरपोर्ट पर तैनात ग्राउंड स्टाफ के लोगों ने जहाज से उतारने की कोशिश की तो महिला ने स्टाफ के एक सदस्य को अपने दांतों से काट लिया। इसके बाद एयरलाइन्स वालों को मजबूरन महिला को काबू में करने के लिये पुलिस को बुलाना पड़ा। 

CrimeTak
follow google news

Lucknow: लखनऊ में एक महिला पैसेंजर ने हवाई जहाज में एयरलाइन क्रू मेंबर को काट लिया। चश्मदीदों के मुताबिक वो बहुत गुस्से में थी और लखनऊ से मुंबई जाने वाली फ्लाइट में बैठने के बाद से ही लगातार पास बैठे लोगों से झगड़ रही थी। शिकायत मिलने पर जब क्रू के लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की तो वो उनसे भी उलझ पड़ी। ऐसे में हवाई यात्रा के नियमों के मुताबिक महिला को डीबोर्ड (फ्लाइट से उतारने) करने का फैसला लिया गया। जब लखनऊ एयरपोर्ट पर तैनात ग्राउंड स्टाफ के लोगों ने महिला को फ्लाइट से उतारने की कोशिश की तो महिला ने स्टाफ के एक सदस्य की कलाई पर अपने दांतों से काट लिया। इसके बाद एयरलाइन्स वालों को मजबूरन महिला को काबू में करने के लिये पुलिस को बुलाना पड़ा। 

क्रू मेंबर की कलाई पर दांत गड़ाए

यह भी पढ़ें...

सूत्रों के मुताबिक मूल रूप से आगरा की रहने वाली ये महिला पिछले कुछ समय से मुंबई में रह रही थी। फिलहाल वो मुंबई से लखनऊ अपनी बहन से मिलने आई थी जिसके बाद वापसी की फ्लाइट में ये घटना घट गई। एयरपोर्ट की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक महिला का टिकट फ्लाइट संख्या QP1525 में बुक किया गया था। फ्लाइट के डिपार्चर का समय 5 बज कर 25 मिनट का था। मगर महिला द्वारा फ्लाइट उड़ने से पहले ही साथी पैसेंजर्स से झगड़ा करने से फ्लाइट उड़ने में विलम्ब हुआ। चश्मदीदों का कहना है कि महिला की मानसिक हालत ठीक नहीं लग रही थी इसीलिये क्रू के समझाने के बावजूद महिला हर किसी से मारपीट पर उतारू थी। यही वजह है कि जब ग्राउंड स्टाफ के लोगों ने उसे जबरन प्लेन से उतारने की कोशिश की तो उसने एक पुरुष स्टाफ की कलाई पर अपने दांत गड़ा दिये। 

दांत से काटने पर दर्ज हुई FIR

आखिर में स्थिति को काबू में करने के लिये एयरपोर्ट पर तैनात CISF के स्टाफ को बुलाया गया। और फिर महिला को सरोजिनी नगर थाने ले जाया गया। इसके बाद महिला के खिलाफ आईपीसी की धारा 324 (जानबूझ कर खतरनाक हथियार से हमला करना) और 504 (शांति भंग के इरादे से अपमान करना) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। फिलहाल महिला को लखनऊ में उसके रिश्तेदारों के हवाले कर दिया गया है।
 

    follow google newsfollow whatsapp