दुल्हन बनी 'विषकन्या', शादी कर तीन पतियों को दिया मौत का तोहफा, पुलिस को अब बाकी के पांच दूल्हों की तलाश

ADVERTISEMENT

CrimeTak
social share
google news

Muzaffarnagar: विषकन्या की कहानी तो आपने जरूर सुनी होगी। कहा जाता है वैदिक काल में विषकन्या योग में जन्म लेने वाली लड़कियों को बचपन से ही थोड़ा-थोड़ा जहर देकर उन्हें जहरीला बनाया जाता था और फिर राजा महाराजा अपने शत्रुओं की जान लेने के लिये उनका इस्तेमाल करते थे। मगर ये तय था कि विषकन्या शादी के बाद अपने पति की मौत का कारण जरूर बनेंगी। ये तो बात रही उस दौर की जब भारत में राजे महाराजों का राज चलता था। मगर यूपी पुलिस ने पहली बार आज के दौर की एक 'मॉडर्न विषकन्या' को पकड़ा है। ये विषकन्या शादी करने के बाद अपने पति के साथ बस सुहागरात के लिये रुकती थी और अगली सुबह पति के सो कर उठने से पहले ही गायब हो जाती थी। मगर अपने पीछे पति को मौत का तोहफा यानी AIDS का वायरस दे जाती थी। पुलिस इस विषकन्या के शिकार अब तक तीन लोगों की पहचान कर चुकी है, जबकि इस जहरीली दुल्हन के साथ सुहागरात मना चुके पांच दूल्हों की तलाश अब भी जारी है। 

गिरफ्तार हुई मॉडर्न 'विष कन्या'

ये मॉडर्न विषकन्या फिलहाल मुजफ्फरनगर जेल में कैद है। दरअसल इस जहरीली दुल्हन ने अपनी आखिरी शादी मुजफ्फरनगर के तितावी थानाक्षेत्र के रहने वाले एक शख्स से इसी मार्च में की थी। विदाई के बाद दुल्हन ससुराल आई तो साथ में उसका भाई भी बहन को ससुराल तक छोड़ने आया। रात को सब सोए तो दुल्हन भी पति के साथ सुहाग की सेज पर सो गई। मगर दूल्हा अगली सुबह जब सुहागरात की खुमारी से बाहर आया तब तक दुल्हन और उसका भाई घर में रखे जेवर, नगदी, कीमती सामान, यहां तक कि मोबाइल तक लेकर चंपत हो चुके थे। दूल्हे ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई तो पुलिस इस एक रात की दुल्हन की खोजबीन में लग गई। आखिरकार दो महीने की मेहनत के बाद पुलिस को दुल्हन और उसके खानदान का पता लग गया। 6 मई के रोज दुल्हन समेत उसका फर्जी परिवार, जिसमें भाई, मां-बाप, फूफा समेत कुल सात आरोपी शामिल थे, गिरफ्तार हो गये। पुलिस ने इनके खिलाफ आईपीसी की धारा 380, 406 और 420 का मुकदमा दर्ज कर लिया और भारी मात्रा में दूल्हों से लूटी नगदी और जेवरात बरामद कर लिये। मालूम हुआ की इस गैंग ने शादी के नाम पर कई परिवारों को ठगा है और हर बार सुहगरात के बाद घर का जेवर और नगदी उड़ा कर गायब हो जाते थे।

जब दुल्हन ने कहा 'मुझे AIDS है'

मगर लुटेरी दुल्हन और उसके गैंग की गिरफ्तारी पुलिस के लिये खुशी से ज्यादा उलझन का सबब बन गई। क्योंकि पुलिस के हाथों पकड़े जाते ही दुल्हन ने बड़े ही बेबाक ढंग से पुलिस को बताया कि 'मुझे AIDS है'। जाहिर था पुलिस ने फौरन दुल्हन का मेडिकल टेस्ट कराया और जब रिपोर्ट आई तो दुल्हन का दावा सही निकला। मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक दुल्हन एचआईवी पॉजिटिव थी, यानी उसे AIDS की खतरनाक और जानलेवा बीमारी थी। इस बाबत जब पुलिस ने दुल्हन से पूछताछ की तो पता लगा कि उसे इस बीमारी के बारे में पहले से पता था। साल भर पहले ही उसकी तबियत खराब रहने लगी थी और तब उसने अपनी जांच एक अस्पताल में करवाई थी। एचआईवी पॉजिटिव की रिपोर्ट आते ही उसके इलाज की जिम्मेदारी एक एनजीओ ने ले ली थी और कुछ दिनों तक उसका इलाज भी चला। मगर इस लुटेरी दुल्हन को ससुराल की तरह ही अस्पताल की बंदिशें भी पसंद नहीं थी लिहाजा उसने अपना फोन बंद किया और अस्पताल से फरार हो गई। एनजीओ के लोग उसे ढूंढते रहे और लुटेरी दुल्हन दोबारा अपने काम पर लग गई। 

ADVERTISEMENT

जानबूझ कर दूल्हों को बांटी 'मौत'

इतनी जानकारी मिलते ही पुलिस समझ गई कि उसके हाथ जो एक रात की दुल्हन लगी है वो किसी विषकन्या से कम नहीं है। क्योंकि शादी के बहाने दूल्हे और उसके घरवालों को लूटने वाली ये दुल्हन जिस-जिस घर में सोई है उसने वहां शर्तिया मौत बांटी है। पुलिस ने इसके बाद दुल्हन के संपर्क में आए तीन दूल्हों को ट्रेस कर उनका एचआईवी टेस्ट करवाया है और तीनों एचआईवी पॉजिटिव यानी AIDS के पेशेंट निकले हैं। अब पुलिस पांच और ऐसे बदकिस्मत दूल्हों की तलाश कर रही है जो इस दुल्हन के एक रात के दूल्हे बन चुके हैं। न जाने अपना सब कुछ लुटा चुके ये दूल्हे अब किस हालत में होंगे और इस जालिम दुल्हन के एक रात के धोखे के असली मायने ये जानेंगे तो इन पर क्या बीतेगी। और अगर इनमें से किसी को इस बीच अपनी मन माफिक दुल्हन मिल गई होगी तो AIDS की जो सौगात इस दुल्हन ने अपने दूल्हों को बांटी थी वो उनके जरिये और कहां-कहां पहुंची होगी। 

जेल में दुल्हन की निगरानी

फिलहाल मुजफ्फरनगर जेल में हेल्थ डिपार्टमेंट की निगरानी में इस दुल्हन का इलाज चल रहा है और जेल के अंदर भी इस पर कड़ी निगाह रखी जा रही है। पुलिस की कोशिश है कि केस की तफ्तीश पूरी कर इस खतरनाक दुल्हन को जल्द से जल्द और कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। क्योंकि अगर इस विषकन्या को गलती से भी जमानत मिल गई तो यमराज बन न जाने ये और कितने दूल्हों को तबाह कर उनके घर में कहर ढाएगी।

ADVERTISEMENT

    यह भी पढ़ें...

    follow on google news
    follow on whatsapp

    ADVERTISEMENT