केक जिसने दो जिंदगियां तबाह कर दीं, लड़कियां तड़पती रहीं और वो केक लेकर बर्थडे मनाने चला गया

ADVERTISEMENT

केक जिसने दो जिंदगियां तबाह कर दीं, लड़कियां तड़पती रहीं और वो केक लेकर बर्थडे मनाने चला गया
मृतका लक्ष्मी तोमर, आरोपी गजेंद्र और मृतका दीक्षा जादौन
social share
google news

Indore: सड़क पर हादसा होता है तो अनजान लोग भी उसका शिकार हुए लोगों की मदद के लिये रुक जाते हैं। कोई उनकी मदद के लिये हाथ बढ़ाता है और सहारा देकर सड़क के किनारे तक ले जाता है। कोई पुलिस और एम्बुलेंस को फोन करता है। और कोई जख्मी हुए लोगों के घरवालों का नंबर तलाश कर उन्हें हादसे की जानकारी देता है। पर जरा सोचिये कि क्या कोई बेदर्द इंसान ऐसा भी हो सकता है जो किसी के जन्मदिन का जश्न मनाने जा रहा हो, उसकी गाड़ी से एक्सिडेंट हो, दो लोग बुरी तरह जख्मी हो कर सड़क पर तड़प रहे हों और वो शख्स अपनी गाड़ी छोड़ बर्थडे पार्टी अटेंड करने चला जाए। जी हां, ऐसा हुआ और गाड़ी चलाने वाले इस शख्स की इसी लापरवाही और बेदर्दी की वजह से दो घरों के चश्मे चिराग हमेशा के लिये बुझ गये।

केक के चक्कर में ली दो की जान

मामला संगीन है। मगर इस दर्दनाक हादसे का एक दिलचस्प पहलू भी है। और वो ये कि जिस शख्स की BMW गाड़ी से एक्सिडेंट हुआ वो उस कार में एक केक लेकर जा रहा था। खास बात ये थी कि ये केक BMW चलाने वाले के बॉस की बर्थडे पार्टी के लिये उनके घर ले जाना था। अब आप सोचिये कि इस शख्स के दिमाग में उसके बॉस की मोहब्बत, या फिर खौफ कितना था कि आमने-सामने की टक्कर में स्कूटी सवार दो लड़कियों को रौंदने के बाद इस शख्स ने अपनी BMW गाड़ी थोड़ी ही दूरी पर सड़क किनारे खड़ी कर दी और इसके बाद ये सीधे कार में रखा केक लेकर अपने बॉस की बर्थडे पार्टी पहुंच गया। पीछे मौका--वारदात पर बुरी तरह जख्मी दोनों लड़कियां तड़पती रहीं लेकिन इसे एक बार भी उनका ख्याल नहीं आया।

लोगों ने मदद की मगर नहीं बच सकी जान

ये हैरतअंगेज घटना है मध्य प्रदेश के इंदौर की, हां एक तेज रफ्तार BMW कार ने स्कूटी पर सवार दो लड़कियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल दोनों लड़कियों को आसपास के लोगों ने फौरन अस्पताल पहुंचाया। पर डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों लाशों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद की पड़ताल में पुलिस को मौका--वारदात से सीसीटीवी फुटेज भी मिल गया। और थोड़ी मशक्कत के बाद कार चालक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया। 

तेज रफ्तार BMW कार ने ली दो लड़कियों की जान

यह अफसोसनाक हादसा महालक्ष्मी नगर इलाके में हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मरने वाली लड़कियों की पहचान दीक्षा जादौन और लक्ष्मी तोमर के तौर पर हुई। ये दोनों मेला देखकर अपने घर वापस लौट रही थीं। उसी वक्त, उल्टी दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार BMW कार ने उनकी स्कूटी को आमने सामने की सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लड़कियों के बचने की कोई गुंजाइश नहीं रही। मगर कार रुक कर जख्मी लड़कियों की मदद करने के बजाए कार को मौके से कुछ दूर लावारिस छोड़कर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया। 

महालक्ष्मी नगर में घटी दर्दनाक घटना

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी गजेंद्र प्रताप सिंह नाम का लड़का अपने बॉस का जन्मदिन मनाने के लिए केक लेकर जा रहा था। वह जल्दबाजी में था और गलत दिशा में गाड़ी चला रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हो गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हाल ही में एक सेकेंड हैंड BMW कार खरीदी थी, और वह यूएस की एक टास्क कंपनी में काम करता है। थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने घटना की गंभीरता को देखते हुए फौरन पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

आरोपी गिरफ्तार, गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज

आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या (धारा 304) की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया और इस मामले में आगे की जांच कर रही है। घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। मगर इस घटना ने पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना दिया है। लोग सड़कों पर तेज रफ्तार और गलत दिशा में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस ने लोगों से संयम बरतने और कानूनी प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है।

    follow on google news
    follow on whatsapp

    ADVERTISEMENT

    यह भी पढ़ें...

    ऐप खोलें ➜