Video: गिरफ्तारी के बाद संजय सिंह का वीडियो, बोले- मरना मंजूर है, डरना मंजूर नहीं, देखिए आप नेता ने गिरफ्तारी के बाद क्या कहा?

04 Oct 2023 (अपडेटेड: Oct 4 2023 8:17 PM)

follow google news

Video Sanjay Singh Video: आप ने दिल्ली आबकारी नीति मामले के संबंध में अपने नेता संजय सिंह की गिरफ्तारी पर बुधवार को कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दावा किया कि यह कार्रवाई भाजपा की हताशा को दर्शाती है।

Video Sanjay Singh Video: आम आदमी पार्टी ने दिल्ली आबकारी नीति मामले के संबंध में अपने नेता संजय सिंह की गिरफ्तारी पर बुधवार को कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दावा किया कि यह कार्रवाई भाजपा की हताशा को दर्शाती है, क्योंकि यह (भाजपा) विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' से पराजित होने जा रही है। पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने कहा कि सिंह को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इसलिए गिरफ्तार किया क्योंकि वह लोगों की आवाज उठा रहे थे।

आवाज उठाते रहेंगे और झुकेंगे नहीं

गिरफ्तार किये जाने से पहले रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो संदेश में कहा कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे और झुकेंगे नहीं। ईडी ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में बुधवार सुबह आप के राज्यसभा सदस्य सिंह के घर पर छापा मारा और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मीडिया को जारी वीडियो संदेश में सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा।

ED ने राज्यसभा सदस्य सिंह के घर पर छापा मारा 

सिंह ने कइा, ‘‘मुझे मरना स्वीकार है, लेकिन झुकना नहीं। मैंने अडाणी के घोटालों का खुलासा किया और ईडी के पास कई शिकायतें दर्ज करायीं लेकिन अडाणी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। मोदी जी 2024 का चुनाव बुरी तरह हार रहे हैं। वे अत्याचार करके और लोगों को जेल में डालकर नहीं जीत सकते। मैंने पहले भी अडाणी के घोटालों के खिलाफ बोला था, मैं आगे भी ऐसा करना जारी रखूंगा। हम (अरविंद) केजरीवाल के सिपाही हैं और अत्याचार के चलते पीछे नहीं हटेंगे।’’ सिंह ने कहा कि ईडी बिना किसी सबूत के उन्हें जबरन गिरफ्तार कर रही है।

संजय सिंह की गिरफ्तारी पर आप की कड़ी प्रतिक्रिया 

वहीं, आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सिसोदिया की गिरफ्तारी को पूरी तरह अवैध बताया है। आतिशी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘कौन जानता है कि अपने डर के कारण भाजपा और कितना गिरेगी...चुनाव से पहले ‘इंडिया’ से हार की हताशा साफ दिख रही है। मनीष जी और सत्येन्द्र जी के बाद जनता की आवाज मजबूती से उठाने वाले संजय भैया को भी सरकार ने गिरफ्तार कर लिया।’’ कैबिनेट मंत्री आतिशी ने एक पोस्ट में कहा, ‘‘वे हमारे पार्टी कार्यालय में क्यों नहीं ईडी का कार्यालय खोल लेते? ऐसा लगता है कि वे केवल आप के खिलाफ झूठे आरोप लगाकर ही अपना अस्तित्व बचाए हुए हैं।’’ 

संजय सिंह की गिरफ्तारी पूरी तरह अवैध 

केजरीवाल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, संजय सिंह की गिरफ्तारी पूरी तरह अवैध है। यह (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी जी की घबराहट को दर्शाती है। चुनाव से पहले वे कई और विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार करेंगे। इससे पहले दिन में केजरीवाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह के आवास पर प्रर्वतन निदेशालय (ईडी) के छापे दिखाते हैं कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2024 के लोकसभा चुनाव में हार को देखते हुए हताशा भरे कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे कई छापे मारे जाएंगे, लेकिन डरने की कोई जरूरत नहीं है।

(PTI)

    follow google newsfollow whatsapp