एक करोड़ का टर्म इंश्योरेंस, आर्मी वाला बॉयफ्रेंड और बीवी की बेवफ़ाई, ये है दो चेहरे वाली पत्नी की खूनी दास्तान

16 Mar 2024 (अपडेटेड: Mar 16 2024 7:40 PM)

follow google news

Maharashtra Crime: जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सुप्रिया हमले वाले दिन और कत्ल से पहले किसी शख्स से लगातार बात कर रही थी।

पिंपरी-चिंचवड से श्रीकृष्ण पांचाल रिपोर्ट

Pune Husband Murder: एक बीवी के एक नहीं बल्कि दो चेहरे थे। शौहर ने अपनी बीवी का पहला चेहरा तो देखा था लेकिन एक रोज जब इस शख्स के सामने अपनी बीवी का दूसरा चेहरा आ गया। बीवी के इस चेहरे को देखते ही उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। महाराष्ट्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है।

पति पत्नी और ख़ूनी ‘वो’

तारीख 10 फरवरी 2024 की शाम। पिंपरी-चिंचवड के करीब नीमगांव इलाका। इसी दिन अंबेगांव नरहे का रहने वाला राहुल गाडेकर अपनी पत्नी से मिलने नीमगांव गया था। वापसी में अचानक राहुल पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले के बाद राहुल इस कदर डर गया कि वो काम पर जाने को ही तैयार नहीं हो रहा था। पत्नी के काफी समझाने बुझाने के बाद राहुल काम पर जाने को तैयार हो गया। 23 फरवरी को काफी दिनों बाद राहुल अपने काम पर जाने को घर से निकला। रात करीब 10:30 बजे दोपहिया वाहन पर सवार राहुल गाडेकर को कुछ लोगों ने घेर लिया और हथौड़े के उसके सिर पर कई वार किए।  

रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला

लहूलुहान राहुल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और कातिलों की तलाश शुरु कर दी। तकनीकी विश्लेषण के बाद एंटी गुंडा स्क्वाड के पुलिस इंस्पेक्टर हरीश माने और उनकी टीम ने राहुल की पत्नी सुप्रिया गाडेकर को 18 मार्च तक पुलिस हिरासत में ले लिया। दरअसल जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सुप्रिया हमले वाले दिन और कत्ल से पहले किसी शख्स से लगातार बात कर रही थी। पुलिस ने सुप्रिया से सख्ती से पूछताछ की तो उसका कातिल चेहरा सामने आ गया। सामने आई पति के कत्ल की खौफनाक साजिश। 

पति के कत्ल की खौफनाक साजिश

जांच में खुलासा हुआ कि राहुल गाडेकर की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। दरअसल राहुल की पत्नी सुप्रिया गाडेकर अंबेगांव नरहे के नवले अस्पताल में नर्स के रूप में काम करती थी। सुप्रिया ने कोविड काल में अहमदनगर, नीमगांव में एक लैब शुरू की। इसी बीच उनकी जान-पहचान दिल्ली आर्मी में कार्यरत सुरेश पटोले से हुई। दोनों में दोस्ती हो गई और दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। सुप्रिया के अवैध संबंधों की जानकारी जब राहुल को हुई तो पति-पत्नी के बीच झगड़ा बढ़ गया।  

आर्मी वाला बॉयफ्रेंड और बीवी की बेवफ़ाई

पति राहुल गाडेकर प्यार में बाधक बन रहा था। यही वजह थी कि राहुल की पत्नी सुप्रिया और उसके प्रेमी सुरेश ने राहुल के कत्ल की साजिश रची। दोनों ने राहुल की हत्या की साजिश दिसंबर 2023 में ही करना शुरु कर दिया था। छुट्टी के दौरान सुरेश पटोले अपने रिश्तेदार रोहिदास सोनावणे के साथ बैराज से दो लोहे के हथौड़े लेकर आया था। अब दोनों सही समय का इंतजार कर रहे थे। बीती 10 फरवरी 2024 को अंबेगांव नरहे निवासी मृतक राहुल गाडेकर अपनी पत्नी से मिलने नीमगांव गया था। 

प्रेमी सुरेश ने राहुल के कत्ल की साजिश रची

वापस जब वह चाकन में काम करने आ रहा था तो उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी से उस पर जानलेवा हमला करने को कहा, सौभाग्य से वह बच गया। डरा हुआ राहुल काम पर वापस जाने को तैयार नहीं था लेकिन, पत्नी सुप्रिया बार-बार काम पर जाने की जिद कर रही थी। फिर 23 फरवरी को जब राहुल काम पर जा रहा था तभी सुप्रिया ने मौका पाकर आरोपी प्रेमी को पति के काम पर जाने की जानकारी दे दी। रात करीब 10:30 बजे दोपहिया वाहन पर सवार राहुल गाडेकर की सुरेश पटोले और उसके दोस्त ने सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। 

सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या

राहुल की हत्या के बाद आरोपी सुरेश ने नौकरी ज्वाइन कर ली। रोहिदास अपने घर चिंचपुर गांव चला गया। ये खुलासा होने के बाद पुलिस ने सुरेश पटोले और उसके साथी रोहिदास नामदेव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अफसरों ने बताया कि राहुल गाडेकर ने 1 करोड़ रुपये का टर्म इंश्योरेंस लिया था। इसकी जानकारी पत्नी सुप्रिया को थी। कत्ल की एक वजह ये एक करोड़ रुपए का टर्म इंश्योरेंस भी था। सुप्रिया जानती थी कि राहुल की मौत के बाद ये पैसा उसी को मिलने वाला है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि कुछ रकम प्रेमी सुरेश और उसके दोस्त रोहिदास को दी जानी थी।

    follow google newsfollow whatsapp