जिस महिला की हत्या के केस में पति-ससुर ने काटी जेल, वो 4 साल बाद जिंदा मिली, कर ली थी दूसरी शादी

Bihar News: बिहार के आरा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां चार साल पहले दहेज हत्या के आरोप में मृत घोषित की गई महिला जिंदा पाई गई है। इस महिला ने एक दूसरे व्यक्ति से शादी कर ली थी और उसी के साथ रह रही थी।

पुलिस ने महिला से की पूछताछ.

पुलिस ने महिला से की पूछताछ.

• 04:12 PM • 21 Oct 2024

follow google news

Bihar News: बिहार के आरा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां चार साल पहले दहेज हत्या के आरोप में मृत घोषित की गई महिला जिंदा पाई गई है। इस महिला ने एक दूसरे व्यक्ति से शादी कर ली थी और उसी के साथ रह रही थी। मामले में महिला के पहले पति और ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाकर जेल भेजा गया था, जहां वे चार साल तक सजा काट चुके हैं। फिलहाल वे जमानत पर बाहर हैं। जब उन्हें पता चला कि जिस महिला की हत्या के आरोप में वे जेल में थे, वह जिंदा है, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।

दरअसल, महिला की पहले शादी बहुआरा छपरा में हुई थी। पति की प्रताड़ना से तंग आकर वह मायके लौट आई थी, लेकिन वहां भी उसे राहत नहीं मिली। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पिता ने उसके साथ गलत संबंध बनाने की कोशिश की थी। पिता के उत्पीड़न से तंग आकर महिला ने आत्महत्या की कोशिश की और आरा स्टेशन पहुंच गई, जहां एक व्यक्ति ने उसकी जान बचाई। इसके बाद महिला ने उसी व्यक्ति से शादी कर ली।

इस बीच, महिला के पिता ने 2020 में उसकी गुमशुदगी और दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया। सोन नदी के किनारे एक सड़ी-गली लाश मिलने पर महिला के पिता ने उस शव को अपनी बेटी के रूप में पहचान लिया। इसके बाद पुलिस ने महिला के पहले पति और उसके परिवार को गिरफ्तार कर लिया। अब चार साल बाद पुलिस ने महिला को मीरगंज से बरामद किया है।

महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने झूठ बोलकर दूसरी महिला के शव को उसका बताया और झूठी एफआईआर दर्ज कराई। उसने कहा कि उसने अपनी मर्जी से आरा के एक व्यक्ति से शादी की है और उसके दो बच्चे भी हैं। महिला ने यह भी बताया कि उसका पहला पति उसे मारता था, इसलिए उसने मायके लौटने का फैसला किया। लेकिन मां की मौत के बाद उसके पिता ने उसे प्रताड़ित किया, जिससे तंग आकर उसने अपनी जान देने की कोशिश की। उस समय एक व्यक्ति ने उसकी जान बचाई और बाद में उससे मंदिर में शादी कर ली।

इस मामले पर एएसपी केके सिंह ने कहा कि 2020 में दर्ज एक मामले में एक शव की पहचान गलत तरीके से की गई थी, और उस केस में ट्रायल भी हो चुका है। अब महिला के मिलने के बाद कोर्ट के आदेश के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महिला के पिता पर लगाए गए आरोपों की जांच के लिए भी उसके बयान अदालत में दर्ज किए जाएंगे।

    यह भी पढ़ें...
    follow google newsfollow whatsapp