Video: लुधियाना जेल में कैदियों की जन्मदिन पार्टी, जश्न का वीडियो आया सामने, जांच का आदेश

06 Jan 2024 (अपडेटेड: Jan 6 2024 1:30 AM)

follow google news

Jail Video: लुधियाना केंद्रीय जेल के भीतर कैदियों का जन्मदिन का जश्न मनाने का एक वीडियो ऑनलाइन सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Shocking Video: लुधियाना केंद्रीय जेल के भीतर कैदियों का जन्मदिन का जश्न मनाने का एक वीडियो ऑनलाइन सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर साझा किये गए क्लिप में कैदियों का एक समूह हाथ में गिलास लिये और पकौड़े खाते दिख रहा है। वहीं कैदी ‘‘मणि वीरे दा अज बड्डे है (आज मणि भाई का जन्मदिन है)’’ गाते भी सुने गए। ये सभी कैदी अरुण कुमार उर्फ मणि राणा का जन्मदिन मना रहे थे। वह हिमाचल प्रदेश के 2019 के लूट के एक मामले में विचाराधीन कैदी है।

जेल अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने राणा के कब्जे से वीडियो रिकॉर्ड करने और अपलोड करने के लिए इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। उन्होंने बताया कि हालांकि, फोन टूटा मिला और फोन का डेटा अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। अधिकारियों ने कहा कि राणा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, साथ ही 10 अन्य कैदियों की भी पहचान की गई है और स्थानीय पुलिस थाने को शिकायत भेज दी गई है।

सहायक पुलिस आयुक्त (लुधियाना पूर्व) गुरदेव सिंह ने कहा कि वायरल क्लिप में पहचाने गए सभी 11 कैदियों के खिलाफ जेल अधिनियम की धारा 52 ए (जेल मानदंडों का उल्लंघन) के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए महानिरीक्षक (जेल) आर के अरोड़ा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उपमहानिरीक्षक (डीआईजी), पटियाला रेंज, सुरिंदर सिंह सैनी घटना की पूरी जांच करेंगे। यह पहली बार नहीं है कि पंजाब की जेल गलत कारणों से खबरों में हैं। पिछले साल राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने कहा था कि जेल सुरक्षा में सुधार की जरूरत है क्योंकि अपराधी जेलों के अंदर बैठकर रैकेट चला रहे हैं।

(PTI)

    follow google newsfollow whatsapp